संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए दो यात्रियों के पास से 19.8 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹6.93 करोड़ बताई जा रही है।डीआरआई को प्राप्त विशेष खुफिया सूचना के आधार पर अधिकारियों ने 23 मई 2026 को बैंकॉक से वाराणसी पहुंची फ्लाइट संख्या IX-215 के दो यात्रियों को रोककर उनके सामान की जांच की। तलाशी के दौरान बैगों में कई संदिग्ध पैकेट मिले, जिनमें हरे रंग का गांठदार एवं तेज गंध वाला पदार्थ पाया गया। फील्ड टेस्ट में यह गांजा (कैनाबिस) निकला।अधिकारियों के अनुसार बरामद मादक पदार्थ हाइड्रोपोनिक गांजा प्रतीत होता है,जिसे मिट्टी के बिना पोषक तत्वों से युक्त पानी में नियंत्रित वातावरण में उगाया जाता है। इसकी गुणवत्ता और नशे की क्षमता सामान्य गांजा की तुलना में अधिक होती है,जिसके कारण अवैध बाजार में इसकी मांग काफी अधिक रहती है।डीआरआई ने दोनों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस)अधिनियम,1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।