UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

वाराणसी के युवा नेतृत्व को मिली नई पहचान

Updated on: 02 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी। लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय रोटारैक्ट डिस्ट्रिक्ट 3120 कॉन्फ्रेंस में सत्र 2028-29 हेतु रोटारैक्ट डिस्ट्रिक्ट रिप्रेजेन्टेटिव (डी.आर.आर.) अर्थात मंडलाध्यक्ष के चुनाव संपन्न हुए, जिसमें युवा नेतृत्व के प्रतीक रोट. कुशाग्र मिश्रा को निर्विरोध रूप से डिस्ट्रिक्ट 3120 का 45वाँ मंडलाध्यक्ष चुना गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ उन्होंने डिस्ट्रिक्ट 3120 के सबसे युवा डी.आर.आर. बनने का गौरव भी प्राप्त किया है।रोट. कुशाग्र मिश्रा लंबे समय से युवा शक्ति, सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने लोकप्रिय “आर.पी.एल.” (रोटारैक्ट प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट) जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को संगठन एवं सेवा कार्यों से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है। इसके अतिरिक्त पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, गौ सेवा, स्किल डेवलपमेंट तथा सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में भी उनका योगदान लगातार प्रशंसनीय रहा है। रोटारैक्ट एवं रोटरी इंटरनेशनल के संयुक्त समन्वय के साथ उन्होंने समाज के हर वर्ग तक सेवा कार्य पहुँचाने का निरंतर प्रयास किया है। अपने विनम्र व्यवहार, मजबूत संगठन क्षमता एवं युवाओं को साथ लेकर चलने की कार्यशैली के कारण रोट. कुशाग्र मिश्रा युवा वर्ग के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष गौरव पाठक, संतोष कश्यप, वर्तमान अध्यक्ष अभिषेक पांडेय, पूर्व सचिव विश्वजीत, अरविंद कत्तल, राकेश गुप्ता, राजू राजभर सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट 3120 सेवा, नेतृत्व, सामाजिक समरसता एवं युवा सशक्तिकरण के नए आयाम स्थापित करेगा तथा उनका कार्यकाल संगठन के लिए एक मील का पत्थर सिद्ध होगा। रोटरी एवं रोटारैक्ट परिवार में इस घोषणा के बाद नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखने को मिला। युवाओं ने उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News