संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
लायंस क्लब वाराणसी गंगा का 49वां पदग्रहण समारोह होटल एलिगेंस के ओनेक्स हाल में आयोजित किया गया। उद्घाटनकर्ता लायन सौरव कांत (पूर्व गवर्नर), लायन डॉ. अर्पण धर दुबे (मुख्य अतिथि) एवं मंचासीन विभूतियां द्वारा दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। सभा का आरंभ अध्यक्ष मोहम्मद अमान द्वारा किया गया। उन्होंने सभी का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए विगत वर्ष के कार्यों के बारे में जानकारी प्रदान किया और कहा कि मेरे सत्र में 125 से ज्यादा सेवा कार्य संपन्न हुए हैं, जिसमें प्रमुख रूप से स्थाई सेवा कार्य खिचड़ी, फल वितरण, साड़ी वितरण,सावन माह में श्रद्धालु सेवा, मेडिकल कैंप एवं वृक्षारोपण का जन उपयोगी कार्यक्रम किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अर्पण धर दुबे(गवर्नर) ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लायंस विश्व की सबसे बड़ी विशालतम सेवा संस्था है और इसके द्वारा 24*7 अनवरत सेवा चालू रहती है। उक्त अवसर पर 12 नए सदस्य जुड़े एवं अन्य 22 पदाधिकारीयों को उनके पद की शपथ दिलाई गयी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन दीपक गुप्ता ने कहा कि विगत में जो भी कार्यक्रम चल रहे हैं, सभी का संचालन मैं करूंगा और सेवा कार्य की पूरे सत्र में झड़ी लगा दूंगा और कोशिश करूंगा कि सरकारी, डिस्ट्रिक्ट एवं इंटरनेशनल के कार्यक्रमों को मूर्त रूप प्रदान करूँ।
विगत वर्ष के अध्यक्ष मोहम्मद अमान, सचिव दीपक गुप्ता, कोषाध्यक्ष अशोक मौर्य को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। लायन प्रदीप कुशवाहा द्वारा जिन्होंने समय पर अपने शुल्क प्रदान कर दिए थे, उन सभी सदस्यों को पुरस्कृत किया गया।
मंचासीन सभी विभूतियों को अंगवस्त्रम, माला एवं स्मृति चिन्ह द्वारा सम्मानित किया गया। धन्यवाद प्रकाश अजातशत्रु सिंह द्वारा दिया गया। सभा का सफल संचालन डॉ. शोभनाथ सिंह एवं प्रेम प्रकाश कुशवाहा द्वारा किया गया। सभा का सभापन अध्यक्ष दीपक गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष लायन चंद्रकांत सिंह, संजय अग्रहरि, डॉक्टर महेंद्र सिंह, प्रदीप कुशवाहा,डॉक्टर संजय गुप्ता, ज्योति प्रकाश, वीरेंद्र सिंह, पवन सिंह, श्रवण गुप्ता, रमेश गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।