UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

वाराणसी में रात 12 से सुबह 6 बजे तक पुलिसकर्मी करेंगे ड्यूटी

Updated on: 04 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी कमिश्नरेट के वरुणा जोन के नौ थाना क्षेत्र में तीन साल की चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं के आधार पर 81 हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इन 81 हॉटस्पॉट पर रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक वायरलेस सेट से लैस दो-दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बुधवार रात से लगाई जा रही है। इन 162 पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी की मॉनीटरिंग के लिए एसीपी से डीसीपी स्तर के राजपत्रित अधिकारियों की रोजाना ड्यूटी लगाई जा रही है।

ठंड के दिनों में चोरी, लूटपाट और डकैती की घटनाएं बढ़ जाती हैं। जीआईएस तकनीक की मदद से रोहनिया, मंडुवाडीह, लोहता, कैंट, लालपुर पांडेयपुर, शिवपुर, सारनाथ, चौबेपुर और चोलापुर थाना क्षेत्र में गत तीन वर्ष में चोरी, लूट और डकैती वाले स्थान को चिह्नित किया गया। उन स्थानों का एक डिजिटल मैप बनाकर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक निगरानी की व्यवस्था बनाई गई है। 

इसके अलावा रात्रिकालीन गश्त पार्टी पहले की तरह अपनी ड्यूटी करेंगी। रोजाना रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक वरुणा जोन के शहर के सभी एंट्री पॉइंट्स पर बैरियर लगाकर चेकिंग की व्यवस्था शुरू कराई गई है। इसके अलावा वरुणा जोन के सभी प्रमुख चौराहों और तिराहों पर पुलिसकर्मी रात में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए ड्यूटी करेंगे।

रात 2 से 4 बजे के बीच सर्वाधिक चोरी : पुलिस के अनुसार सबसे ज्यादा चोरी रात दो बजे से चार बजे के बीच होती है। इसलिए हाईवे व रिंग रोड के किनारे के रोहनिया, लोहता, कैंट, शिवपुर, लालपुर पांडेयपुर और सारनाथ थाना क्षेत्र में पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

सिविल ड्रेस में टू व्हीलर और ऑटो में घूमेगी पुलिस

वरुणा जोन की पुलिस सादे कपड़ों में टू व्हीलर वाहन और ऑटो में भी घूमेगी। इस टीम का पूरा फोकस देर रात बगैर नंबर के वाहन और दूसरे जनपद व प्रदेशों के वाहनों पर रहेगा।

इस कवायद का उद्देश्य ठंड के दिनों में चोरी, लूट और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना है। ड्यूटी में पुलिसकर्मी लापरवाही न करें, इसके लिए रोजाना एक राजपत्रित अधिकारी चेकिंग पर निकलेंगे। वह सभी चिह्नित 81 पॉइंट्स को चेक करेंगे। - सरवणन टी, एडीसीपी वरुणा जोन 

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News