संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आर. जे. चौधुरी के नेतृत्व में मंडल चिकित्सालय टीम द्वारा एपेक्स हॉस्पिटल के सहयोग से बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-08 स्थित कॉनकोर्स एरिया में रविवार,17 मई 2026 को उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में बनारस स्टेशन पर कार्यरत 20 संविदा कर्मचारियों एवं 40 रेल यात्रियों सहित कुल 60 लोगों के रक्तचाप की जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा जांच के उपरांत प्रतिभागियों को उच्च रक्तचाप के कारण,बचाव,नियमित जांच,संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि उच्च रक्तचाप “साइलेंट किलर” के रूप में तेजी से लोगों को प्रभावित कर रहा है,इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ मेडिकल सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।रेलवे प्रशासन एवं एपेक्स हॉस्पिटल की इस संयुक्त पहल की यात्रियों एवं कर्मचारियों ने सराहना करते हुए इसे जनस्वास्थ्य के प्रति एक सराहनीय कदम बताया।