UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज की पावन कलश वंदन यात्रा का भव्य समापन

Updated on: 31 August, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता ज़ायेद शेख 

जौनपुर जफराबाद। समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज की पावन कलश वंदन यात्रा का सोमवार को जफराबाद विधानसभा के सिरकोनी मंडल में विभिन्न स्थानों पर भव्य पूजन एवं श्रद्धापूर्वक स्वागत के साथ समापन हुआ। विगत 1 अगस्त से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चल रही इस यात्रा के अंतिम पड़ाव पर श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ सहभागिता की।कलश वंदन यात्रा के सिरकोनी मंडल स्थित अखड़ों माता मंदिर, जमैथा पहुंचने पर दर्जनों श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े और पुष्प वर्षा के साथ यात्रा का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात यात्रा अहमदपुर शिवाला, जफराबाद नगर, जोगीबीर मंदिर होते हुए डीह बाबा मंदिर, कबूलपुर बाजार स्थित मंदिर प्रांगण, कल्याणपुर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत कलश पूजन किया गया। इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में सामाजिक समरसता, संत रविदास जी के विचारों और उनके द्वारा दिए गए समानता एवं मानवता के संदेश पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभियान के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज का जीवन और उनका चिंतन भारतीय समाज को सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने आचरण और वाणी के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति या सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके कर्म, आचरण और मानवीय मूल्यों से होती है।उन्होंने कहा, समरसता केवल एक विचार नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली जीवन पद्धति है। संत रविदास जी महाराज ने सदियों पहले जिस समानता, बंधुत्व और भेदभाव रहित समाज की कल्पना की थी, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक श्रद्धा व्यक्त करना नहीं, बल्कि संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाते हुए समाज में आपसी भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी का संदेश आज के समय में और भी प्रासंगिक है। समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना और सभी के सम्मान एवं अधिकारों की भावना को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने यात्रा के सफल आयोजन और इसमें शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।संगोष्ठी आयोजक ग्राम प्रधान रमेशचंद जायसवाल ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का स्वागत करते हुए यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। वहीं कार्यक्रम का आभार मंडल अध्यक्ष रजनीश चौबे ने व्यक्त किया।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News