कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, दिव्य-भव्य आयोजन को लेकर नगर में उत्सव का माहौल
पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी
जौनपुर शाहगंज। नगर में प्रस्तावित श्रीराम कथा को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। पहली बार शाहगंज में इतने बड़े स्तर पर श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसे ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजन समिति पूरी तरह जुटी हुई है। नगरवासियों में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खास उमंग और आस्था देखने को मिल रही है आयोजन समिति के अनुसार प्रसिद्ध कथा वाचक राजन महाराज द्वारा 12 फरवरी से 20 फरवरी तक श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा। इससे पूर्व 11 फरवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण करेंगी। कलश यात्रा के माध्यम से पूरे नगर में भक्तिमय और धार्मिक वातावरण स्थापित किया जाएगा श्रीराम कथा के प्रचार-प्रसार के लिए नगर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं तथा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में सहभागिता करने की अपील की जा रही है। आयोजन समिति ने बताया कि कथा को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए आकर्षक मंच सजावट, विशाल पंडाल, उत्तम ध्वनि व्यवस्था और भव्य प्रकाश व्यवस्था की जाएगी कथा के दौरान कई सेलेब्रिटी अतिथियों के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे आयोजन की भव्यता और गरिमा और बढ़ेगी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन के साथ समन्वय किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन स्थल पर पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।श्रीराम लीला मैदान में आयोजित होने वाली इस कथा को लेकर नगरवासियों का कहना है कि इससे क्षेत्र का धार्मिक और सांस्कृतिक गौरव बढ़ेगा। आयोजन समिति का मानना है कि श्रीराम कथा समाज को धर्म, संस्कार और मर्यादा का संदेश देगी तथा भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। आयोजकों ने मीडिया को विस्तृत जानकारी देने के लिए शीघ्र ही प्रेस वार्ता आयोजित करने की भी जानकारी दी हैं श्रीराम लीला मैदान में प्रस्तावित कथा स्थल, जहां हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।