संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
हरहुआ। हरहुआ बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सावन के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय भक्तिमय कार्यक्रम भंडारे के प्रसाद के साथ हुआ सम्पन्न। इस दौरान क्षेत्र के दर्जनों गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया तीन दिनों तक मंदिर परिसर में 'ओम नमः शिवाय के जाप', रामचरितमानस पाठ और पूजन-अर्चन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
हर वर्ष सावन के तीसरे रविवार से प्राचीन शिव मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी सुबह से शाम तक करीब 12 घंटे तक श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप किया। इसके बाद रविवार की रात से 40 घंटे का अखंड रामचरितमानस पाठ शुरू हुआ, जिसका विधि विधान के साथ समापन हुआ। रामचरितमानस पाठ में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से श्रद्धालु पहुंचते रहे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने मंदिर में भगवान शिव का दर्शन-पूजन करने के साथ रामचरितमानस पाठ में भी भाग लिया। तीन दिनों तक मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह से लेकर देर शाम तक लोग मंदिर पहुंचकर अपनी मनोकामनाओं के लिए भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते रहे।वाजिदपुर, व्यासबाग, कोईराजपुर, भेलखा, मंसापुर, हरहुआ, रामसिंहपुर, धनेसरी, सिंहापुर, देवनाथपुर, दासेपुर, बैजलपट्टी, अनौरा, भटौली, करोमा, दुनियापुर समेत आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजक के अनुसार क्षेत्र में सुख-शांति, आपसी भाईचारे, हिंदू-मुस्लिम एकता और लोगों की समस्याओं के समाधान की कामना के साथ भगवान शिव से प्रार्थना की जाती है। धार्मिक आयोजन में पूरे क्षेत्र के लोग श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रतिभाग करते हैं।