संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर वाराणसी के अंतर्गत आने वाले उपकेंद्र मुनारी, बर्थरा खुर्द एवं चौबेपुर का निरीक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संदीप चौधरी एवं अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर डॉ आर बी यादव के द्वारा किया गया । मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर दी जाने वाली सभी सुविधाओं का निरीक्षण किया और वहां पर दी जाने वाली सुविधाओं को बढ़ाने का आदेश दिया। यह भी आदेशित किया कि उपकेंद्रों पर 24 घंटे जेएसवाई एवं बेबी डिलीवरी की सुविधा प्रदान की जाएगी, साथ ही वैक्सीनेशन के दिन बुधवार और शनिवार को भी स्वास्थ्य उपकेंद्र को खोल कर रखा जाए ।अपने निरीक्षण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बिल्डिंग की स्थिति , पानी का साधन , शौचालय , बाउंड्री वॉल, आवास, बिजली की स्थिति आदि को जांचा एवं परखा ।
हाल ही में सीएमओ के द्वारा चोलापुर ब्लाक एवं वाराणसी के सभी उपकेंद्रों को सोलर बिजली से आच्छादित किया गया है जिससे बिजली की कोई समस्या ना होने पाए ।
अधीक्षक डॉक्टर आर बी यादव ने बताया कि अभी आठ उपकेंद्र मुनारी, सिंहपुर, बर्थरा खुर्द, चौबेपुर , मवैया, रौना खुर्द, अजगरा, धरसौना को चुना गया है जिनका कायाकल्प करके दी जाने वाली सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की सबसे छोटी इकाई स्वास्थ्य उपकेंद्र होते हैं जो कि हर ग्राम सभा में स्थित है। शासन स्तर से सभी उपकेंद्रों पर एएनएम की तैनाती कर दी गई है जिससे ग्राम सभा के सभी लोगों को वैक्सीनेशन और मातृ केयर कि सभी सुविधाएं मिलेंगी । चोलापुर ब्लाक के 20 ग्राम सभाओं में आरोग्य मंदिर बनवा दिया गया है जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी की तैनाती हो चुकी है जिनके द्वारा सभी मरीजों को प्राथमिक उपचार के साथ ही आवश्यक दवाएं ,मुख्य जांच , टेली कंसल्टेशन, एनसीडी क्लीनिक इत्यादि की सुविधाएं दी जा रही है ।
निरीक्षण में फार्मासिस्ट जितेंद्र यादव , एचईओ शिखा श्रीवास्तव, एआरओ राजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।