संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज
अतुल राय
वाराणसी। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने रविवार को चोलापुर थाना परिसर का त्रैमासिक निरीक्षण कर कानून–व्यवस्था की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय,मालखाना,शस्त्रागार,महिला हेल्प डेस्क,बीट सूचना रजिस्टर व सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली को परखा। एसीपी सक्सेना ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव की सराहना की,साथ ही कुछ बिंदुओं पर तत्काल सुधार के निर्देश भी दिए।
उन्होंने थानाध्यक्ष और उपस्थित पुलिसकर्मियों को लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने,महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता बरतने तथा गश्त को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। एसीपी ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए रात्रि गश्त,चौकीदार-मुंशी तंत्र और बीट व्यवस्था को सक्रिय रखना आवश्यक है।
उन्होंने थाने में साफ-सफाई,यातायात व्यवस्था और फरियादियों के साथ विनम्र व्यवहार पर विशेष बल दिया। एसीपी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। अंत में उन्होंने कर्मचारी आवास,बैरक,मेस और वाहन स्थिति की भी समीक्षा की तथा पुलिसकर्मियों को अनुशासन व तत्परता के साथ अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।