UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

जलभराव और कूड़े पर मंत्री सख्त, बोले- नगरों में कहीं नहीं दिखना चाहिए गंदगी का ढेर

Updated on: 31 August, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी 

जौनपुर। बरसात के बीच जलभराव और गंदगी की शिकायतों को लेकर प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि नगरों में कहीं भी कूड़े का ढेर नजर नहीं आना चाहिए। जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल जल निकासी कराकर स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाए।मंत्री ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के दौरान जलजमाव वाले संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर नियमित एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए। सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ नियमित कूड़ा उठान और निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।संक्रामक रोगों पर बढ़ाएं निगरानी स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मंत्री ने डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार समेत संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाओं के साथ अतिरिक्त बेड, पर्याप्त ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखने को कहा जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर अफसरों की जवाबदेही
मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई जनता से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। किसी समस्या के समाधान में अनावश्यक देरी या लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए बैठक में कृषि विभाग से खाद-उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी ली गई। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, विद्युत आपूर्ति और समय से खराब ट्रांसफार्मर बदलने समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को भी निर्देश दिए गए बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया,सीएमओ डॉ गंगाराम गौतम,अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ,एडीएम,सिटी मजिस्ट्रेट ,ज़िला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News