UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र व राहत शिविर का किया निरीक्षण

Updated on: 03 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र / राहत शिविर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज हुकुलगंज, चित्रकूट कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कालेज और प्राथमिक विद्यालय सरैया का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बाढ़ राहत शिविर हुकुलगंज के निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार ने आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और शिविर में पहुँचे परिवारों के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया। 

जिलाधिकारी ने कहा कि जितने भी परिवार के लोग अपने घर में दूसरे या तीसरे तल पर रह रहे, उनके खाने पीने की सामग्री या राहत किट प्रदान की जाए। उन्होंने राहत शिविरों को पूरी क्षमता के साथ संचालित कराने के निर्देश दिए। कहा कि लोगों के राहत और सुरक्षा में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राहत शिविर में पुरुष व महिला सिपाहियों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने शाम तक शिविर में ही खाने बनाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सभी विस्थापित परिवारों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कराएं। 

जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को राहत शिविर के परिसर व शौचालय की समुचित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने, जल जमाव वाले क्षेत्रों में एंटीलार्वा, फागिंग और चुनें का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमओ से फ़ोन पर बात कर मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए। कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों से संवाद करें और उनकी समस्या का समाधान कराएं।

जिलाधिकारी ने चित्रकूट कॉन्वेंट इंटरमीडिएट में बन रहे भोजन के बारे मे पूछताछ करते हुए गुणवत्ता की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने खाद्य सामग्री के स्टोर रूम, शौचालय की साफ़ सफाई का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने कॉलेज की छत से बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का जायज़ा लिया। उन्होंने सभी निरीक्षण के राहत शिविर में मौजूद छोटे बच्चों से बातचीत कर उन्हें मिठाई और बिस्किट वितरित किया। उन्होंने स्कूल के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न होने पाए इसके संबंध में नायब तहसीलदार को निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने आर के लॉज में रुके बाढ़ प्रभावित लोगों को यूनाइटेड पब्लिक स्कूल में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, सरैया का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और बच्चों को मिठाई वितरित किया।उन्होंने कहा कि सभी राहत शिविरों में राहत सामग्री और भोजन पैकेट की आपूर्ति समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। किसी भी स्थिति में खाद्यान्न की गुणवत्ता या मात्रा से समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने सभी राहत शिविरों में वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने राहत शिविरों में भोजन, दवा, साफ-सफाई और महिलाओं व बच्चों की आवश्यकताओं की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

निरीक्षण के दौरान एसीएम तृतीय, नायब तहसीलदार, लेखपाल सहित अन्य अधिकारी व सम्बन्धित क्षेत्र के पार्षद उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News