संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी -- थाना कैंट परिसर में कार्यरत सफाई कर्मियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र ने मानवीय पहल करते हुए शनिवार को उनके बीच अच्छी गुणवत्ता वाले कम्बल व गर्म कपड़ों का वितरण किया। ठंड के मौसम में थाना परिसर और पुलिस आवासों की सफाई से जुड़े पुरुष व महिला सफाई कर्मियों ने अवगत कराया था कि उसके पास मौजूद कंबल ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त नहीं है। सफाई कर्मियों की इस व्यथा को सुनते ही इंस्पेक्टर कैण्ट शिवाकान्त मिश्र ने शनिवार को तत्काल व्यवस्था करते हुए उनके लिए बेहतर गुणवत्ता के कंबल और गर्म कपड़े उपलब्ध कराये। वितरण के दौरान उन्होंने कहा कि कर्तव्य निर्वहन में लगे हर कर्मी की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।इस पहल से सफाईकर्मियों में संतोष और उत्साह देखने को मिला। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से कड़ाके की ठंड में उन्हें राहत मिलेगी।