संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी -- सिगरा पुलिस ने हत्या के इरादे से फायरिंग करने वाले अभियुक्त की गिरफ्तारी करने में एक बड़ी सफलता प्राप्त किया है। इस घटना में सिगरा पुलिस टीम द्वारा एक सहअभियुक्त श्रोत श्रीवास्तव पुत्र स्व.अनूप कुमार श्रीवास्तव निवासी ग्राम रूहट्टा पोस्ट उमरपुर हुसैनाबाद थाना कोतवाली जौनपुर को पिस्टल व घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की एल्टो कार के साथ बुधवार को गिरफ्तार किया गया। उक्त गिरफ्तारी सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज शुभम कुमार सिंह के नेतृत्व गठित प्रभारी निरीक्षक सिगरा संजय कुमार मिश्रा की पुलिस टीम के द्वारा की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 मई 2026 को एक व्यक्ति ने सिगरा में लिखित तहरीर दी कि वह अपने घर के बाहर खड़ा था तभी अचानक एक सिल्वर सफेद एल्टो कार से कुछ अज्ञात लोग पहले से घात लगाकर बैठे थे, आए। कार से उतरकर एक व्यक्ति ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और गाली गलौज भी करने लगे। पीड़ित की तहरीर के आधार पर श्रोत श्रीवास्तव की गिरफ्तारी की गयी। प्रभारी निरीक्षक सिगरा संजय कुमार मिश्र द्वारा की गई पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 3 मई 2026 को वह इस वाहन को चलाकर वाराणसी आया था। उसके साथ वाहन में यशस्वी ललित श्रीवास्तव, यशस्वी के मित्र संदीप सिंह चौहान, राहुल मौर्य तथा संदीप सिंह का एक अन्य साथी भी सवार था। सभी की मंशा हत्या करने की थी। आरोपी ने बताया कि 3 मई को अन्नपूर्णा कॉलोनी में संदीप सिंह चौहान ने अपने साथी से कहा कि चलो उनको गोली मार देते हैं, तो साथी ने कहा कि आप रहने दीजिए मैं ही चलकर गोली मार देता हूं। इसके बाद उसने मुंह पर कपड़ा बांधा, कार से उतरा और पिस्टल से तीन फायर किए। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त को भा0द0वि0 की धारा 109(1),3,(5) बीएनएस तथा 7 अपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सिगरा संजय कुमार मिश्र, उ0नि0 अभय कुमार गुप्ता,आरक्षी जयप्रकाश,का0 प्रदीप कुमार आदि शामिल रहे