संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
अतुल राय
वाराणसी। कृषि भवन चांदपुर कलेक्ट्री फार्म वाराणसी के प्रांगण में सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या की अध्यक्षता में किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर कृषि विभाग से उप कृषि निर्देशक अखिलेश कुमार सिंह,जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य,भूमि संरक्षण अधिकारी,सहायक निदेशक मृदा परीक्षण,उर्वरक प्रयोगशाला,जिला कृषि रक्षा अधिकारी के साथ-साथ मत्स्य,उद्यान,पशुपालन,कृषि विज्ञान केंद्र व अन्य विभागों एवं जनपद के कृषकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक कृषकों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में रामजी सेवानिवृत्त द्वारा बताया गया कि रसायनों एवं उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से प्रकृति के साथ-साथ हमारे शरीर को भी नुकसान पहुंच रहा है। जिसकी रोकथाम हेतु प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती किए जाने हेतु शिक्षकों से अनुरोध किया गया। भूमि संरक्षण अधिकारी वाराणसी द्वारा बताया गया कि जनपद में खेत,तालाब योजना के अंतर्गत 50 का लक्ष्य प्राप्त है, जिसके सापेक्ष 25 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं ।शेष कृषक आवेदन कर सकते हैं। जिला कृषि रक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया की ब्यूवेरिया वैसियाना किसी रक्षा भंडारों पर 75% एवं सल्फोसल्फरान मूल्य के 50% अनुदान पर देय है। किसान बंधु किसी भी प्रकार के कीटनाशक दवा हेतु फसल निगरानी एवं निदान प्रणाली (पीसीएसआर) के माध्यम से मोबाइल नंबर 9452247111 एवं 9452257111 पर एसएमएस या वाट्सएप द्वारा भेजी गयी समस्याओं का निदान 48घण्टे के अन्दर होता है।जिला उद्यान अधिकारी वाराणसी सुभाष कुमार द्वारा बताया गया कि जनपद में विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित हैं इसका लाभ प्राप्त करने हेतु कृषकों को उद्यान विभाग की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया जाना अनिवार्य है। कृषकों को प्याज,मिर्च,सिंघाड़ा,मखाना एवं फूलों की खेती को बढ़ावा दिए जाने हेतु निशुल्क बीज दिया जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर द्वारा आलू के झुलसा रोग के बारे में विस्तार से बताया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या द्वारा किसान सम्मान दिवस में उपस्थित कृषकों को पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह के वक्तव्यों का वर्णन करते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि,प्रधानमंत्री फसल बीमा,प्राकृतिक खेती आदि का जिक्र करते हुए नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के प्रयोग हेतु कृषकों से अपेक्षा की गई। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूनम मौर्या द्वारा जनपद में विभिन्न फसलों में 13 प्रथम स्थान एवं 13 द्वितीय स्थान पर अत्यधिक उत्पादन प्राप्त करने पर कुल 26 कृषकों को पुरस्कृत किया गया। जिसमें कृषि विभाग से गेहूं उत्पादन मे प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले रमेश चंद्र,सरसों में जितेंद्रनाथ पाण्डेय,धान में रामचंद्र,उर्द में लालधर पटेल,मछली विभाग से मछली पालन में पद्मा सिंह एवं अरुण कुमार सिंह,उद्यान विभाग से खीरे में छविराज,शिमला मिर्च में राज बली पटेल,टमाटर में लल्लन एवं पशुपालन विभाग से गाय एवं भैंस के दूध उत्पादन में शिवम उपाध्याय,लोकनाथ यादव एवं कंचन सिंह द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त किया गया।