UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

राष्ट्रीय लोक अदालत में 3,18,712 वादों का निस्तारण कर 20,61,49,382.16/वसूला गया

Updated on: 04 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी -- राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार शनिवार को दीवानी परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसका शुभारम्भ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी के अध्यक्ष व जिला जज संजीव पाण्डेय के द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कराया गया। इस अवसर पर जिला जज संजीव पाण्डेय द्वारा इस लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को सुलह समझौते के आधार पर निस्तारण करने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत एक ऐसी प्रणाली है, जो न्याय को आम जन तक पहुंचाती है। इससे न केवल समय वह धन की बचत होती है, बल्कि समय से समाधान व शान्ति को बढ़ावा मिलता है। इस अवसर पर पीठासीन अधिकारी एमएसीटी अश्विनी कुमार दुबे, किरण पाल सिंह, अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत संतराम जी,एडीजे रविंद्र कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी अनिल कुमार (पंचम), बच्चों के लिए विधिक इकाई के मेंबर बीडी मिश्रा(से.नि.), यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख वरुण कुमार तथा अन्य न्यायिक अधिकारी गण उपस्थित रहे। इस राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालय तथा प्रशासन के सभी विभागों से कुल मिलाकर 3,18,712(तीन लाख अट्ठारह हजार सात सौ बारह) वादों का निस्तारण हुआ जिसमें कुल 20,61,49,382.16/ रूपये(बीस करोड़ इकसठ लाख उनचास हजार तीन सौ बयासी रूपये सोलह पैसे मात्र) की वसूली किया गया।वहीं जनपद न्यायालय वाराणसी से कुल 21,714(इक्कीस हजार सात सौ चौदह)वादों का निस्तारण किया गया। जिसमें दीवानी के 169वाद, पारिवारिक वाद के 115वाद, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति के 23 वाद में बीमा कंपनी द्वारा पीड़ित पक्षकारों को 1,90,25,892/ रुपया की धनराशि दिलाई गई। फौजदारी के 21,231 मामलों जिसमें जुर्माना के रूप में 15,20,665 रुपया वसूल किया गया। एन आई एक्ट के 146 वाद जिसमें 1,24,84,783/रूपये मात्र वसूल किया गया। बैंकों व कम्युनिकेशन प्रीलिटिगेशन स्तर पर 9040 मामलों का निस्तारण हुआ जिसमें 10,97,25,850/ रुपये धनराशि वसूली की गई। प्रशासन एवं अन्य विभागों द्वारा कुल 287867 वादों का निस्तारण किया गया जिसमें 11,18,401/रुपये मात्र धनराशि की वसूली हेतु समझौता हुआ। श्रम विभाग द्वारा 24 वादों का निस्तारण किया गया जिसमें 54,53,095/ रुपया मात्र धनराशि की वसूली हेतु समझौता हुआ तथा अन्य में 67 वादों का निर्धारण हुआ। इस राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर न्यायालय परिसर में जगह-जगह पर हेल्प डेस्क बनाए गए थे जो वादकारियों को आवश्यक सहायता प्रदान किये। न्यायालय परिसर में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार केंद्रीय कारागार वाराणसी के कैदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों लकड़ी के खिलौने, दरी, गमछा, तथा खाद्य सामग्री में अचार, ब्रेड, बिस्किट तथा बाल संरक्षण रामनगर वाराणसी व बालक बालगृह रामनगर वाराणसी तथा आफ्टर केयर होम रामनगर वाराणसी में रह रहे संवासिनियों तथा बच्चों द्वारा बनाए गए विभिन्न प्रकार के आर्ट, क्राफ्ट तथा बैग आदि की प्रदर्शनी लगाई गयी थी जिसमे बड़ी संख्या में लोगों ने सामग्रियों की खरीदारी की। अपर जिला जज विजय कुमार विश्वकर्मा विधिक सचिव वाराणसी द्वारा लोक अदालत को अत्यधिक सफल बनाने हेतु समस्त न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, अधिवक्तागण, बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों एवं वादकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

 

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News