संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। धर्म संघ शिक्षा मंडल,दुर्गाकुंड में पूज्य श्रीमद् स्वामी शिवानंद महाराज जी की 131वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन 6,7 एवं 8 अगस्त तक श्रद्धा,सेवा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच किया जा रहा है। महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु,संत-महात्मा एवं भक्तजन शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। शुक्रवार को आयोजन के अंतर्गत लगभग 500 अति गरीब एवं असहाय नर-नारायणों की सेवा करते हुए उन्हें भोजन एवं आवश्यक सामग्री वितरित की गई। सेवा कार्य के दौरान श्रद्धालुओं ने मानव सेवा को ही माधव सेवा मानते हुए पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के आयोजक पुरुषोत्तम भट्टाचार्य ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह जन्म जयंती महोत्सव प्रत्येक वर्ष श्रद्धापूर्वक आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पधारे संत-महात्माओं एवं परमात्माओं का अंगवस्त्र एवं प्रसाद भेंट कर सम्मान किया गया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। महोत्सव के दौरान विभिन्न आध्यात्मिक सत्रों का आयोजन किया जा रहा है,जिनमें स्वामी शिवानंद महाराज जी के जीवन-दर्शन,उनके आध्यात्मिक संदेश,सेवा,त्याग और मानव कल्याण के आदर्शों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। श्रद्धालु भजन,सत्संग एवं प्रवचनों के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय जन्मोत्सव का समापन 8 अगस्त को पूर्णाहुति, विशेष पूजा-अर्चना एवं महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। धर्म संघ परिसर में चल रहा यह आयोजन श्रद्धा,सेवा और सनातन संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरणादायी माध्यम बन रहा है।