UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

मड़हे को लेकर विवाद में मारपीट व आगजनी, छह घायल, चार मड़हे जलकर राख 

Updated on: 04 July, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी 

जौनपुर मड़ियाहूं स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सरौना गांव में गुरुवार देर रात आबादी की जमीन पर मड़हा रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट और आगजनी में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हो गए, जबकि आग की चपेट में आकर चार मड़हे जलकर नष्ट हो गए।बताया जाता है कि गांव निवासी आसाराम सरोज और रमेश सरोज के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।  आसाराम अपने पुराने मड़हे पर नया मड़हा रखने के लिए छप्पर तैयार किए थे,  दूसरे पक्ष के लोग मौके पर रात 9 बजे पहुंचकर इसका विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने मड़हे में आग लगा दी, जिससे आसपास के अन्य मड़हे भी जल उठे और उनमें रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।मारपीट में एक पक्ष से विजय सरोज, राकेश सरोज, आसाराम सरोज, प्रेम कुमार व सभाजीत सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से रंजीत सरोज को भी चोटें आईं। सूचना पर क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।पुलिस ने राकेश सरोज की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर क्राइम इरफान अली ने बताया कि दोनों पक्षों में आबादी की जमीन को लेकर विवाद था एक पक्ष अपने पुराने छप्पर पर नया छप्पर रखने की तैयारी कर रहा था इसी बात को लेकर विवाद हुआ। एक पक्ष से नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News