रंगोली, पोस्टर, तोरन व पर्यावरण फ्रेंडली पटाखों से बच्चों ने दिखाई सृजनशीलता
स्वच्छ, हरित और खुशहाल दिवाली का संदेश लेकर झलके नन्हें कलाकारों के चेहरे
पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता दीपक सिंह
जौनपुर शाहगंज नगर के सेंट जेवियर्स स्कूल में शनिवार को विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उल्लास से भरा "हैप्पी दिवाली" कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजबल्लभ श्रीवास्तव ने गणेश-लक्ष्मी की आरती के साथ किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगोली, पोस्टर मेकिंग, तोरन सजावट, पर्यावरण फ्रेंडली पेपर पटाखा, दिया-मोमबत्ती सजावट प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे रंगों, दीपों की आभा और बच्चों की मुस्कान से झिलमिला उठा। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में छात्रों ने भारतीय परिधानों की गरिमा को मनमोहक अंदाज में प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य राजबल्लभ श्रीवास्तव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि "आप सभी ने अपनी कला के माध्यम से न सिर्फ उत्सव मनाया है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सादगी का भी सुंदर संदेश दिया है। यही असली दिवाली है जब हम खुशियों को बांटें और प्रकृति के साथ तालमेल बनाए रखें।विद्यालय परिवार के सहयोग से कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटो और शुभकामना संदेशों के साथ हुआ प्रधानाचार्य राजबल्लभ श्रीवास्तव के साथ छात्र-छात्राएं पर्यावरण फ्रेंडली पेपर पटाखा और तोरन देखते हुए।