UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

बरसात में वाटर हार्वेस्टिंग का पाइप बना झरना, 200 मीटर सड़क जलमग्न*

Updated on: 31 August, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

*हरहुआ*। बाबतपुर-वाराणसी मार्ग पर हरहुआ बाजार स्थित ओवरब्रिज के नीचे हल्की बारिस होते ही सड़क ताल-तलैया में तब्दील हो जा रही है। ओवरब्रिज से बरसात के पानी की निकासी के लिए लगाया गया वाटर हार्वेस्टिंग पाइप पूरी तरह टूटकर खराब हो चुका है। इसके कारण पानी वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में जाने के बजाय ओवरब्रिज से झरने की तरह नीचे गिर रहा है। सड़क पर जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे महज 20 मिनट हुई हल्की बारिश के बाद ओवरब्रिज से झरने जैसा पानी गिरने लगा। देखते ही देखते सड़क पर करीब 200 मीटर तक पानी भर गया। इस दौरान दोपहिया वाहन, साइकिल सवार और पैदल राहगीर इसी जलभराव से होकर गुजरने को मजबूर रहे। वाहनों के गुजरने से सड़क पर जमा पानी के छींटे आसपास से गुजर रहे लोगों को भिगो रहे थे।जलभराव और ओवरब्रिज से गिरते पानी का एक अलग ही नजारा बुधवार को देखने को मिला। एक हाईवा ट्रक चालक ने ओवरब्रिज से गिर रहे झरने जैसे पानी को देखकर अपना वाहन उसके नीचे खड़ा कर दिया और करीब 10 मिनट तक हाईवा को धोता रहा। वाहन की धुलाई पूरी होने के बाद चालक हाईवा लेकर वाराणसी की ओर रवाना हो गया।स्थानीय दुकानदार मिराज अहमद, सोनू चंद, सिद्धू हाशमी, गप्पू जायसवाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि हर बारिश में यहां इसी तरह जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। पाइप टूटने की समस्या के संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। दुकानदारों और राहगीरों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त वाटर हार्वेस्टिंग पाइप की मरम्मत कराने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव से लोगों को राहत मिल सके

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News