UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

रोटरी के ‘आधारशिला’ सम्मेलन में विश्व सेवा का संकल्प,1125 से अधिक रोटेरियनों का ऐतिहासिक संगम

Updated on: 31 August, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी। रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल,मंडल 3120 के आतिथ्य में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित बहुमंडलीय सदस्यता सम्मेलन ‘आधारशिला’ ने रोटरी सेवा और सदस्यता विस्तार के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया। सम्मेलन में पाँच रोटरी मंडलों तथा नेपाल,नाइजीरिया सहित छह प्रदेशों से आए 1125 से अधिक रोटेरियनों ने सहभागिता की। सम्मेलन का मुख्य आकर्षण रोटरी अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष ओलायिंका बाबालोला का प्रेरणादायी उद्बोधन रहा। काशी की परंपरा के अनुरूप अतिथियों का तिलक एवं रुद्राक्ष की माला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की अध्यक्ष रो. ऋतु गर्ग एवं क्लब इंटरसिटी चेयरमैन रो. मनोज जाजोदिया के स्वागत संबोधन से हुआ। मंडलाध्यक्ष रो. पूनम गुलाटी ने कहा कि सदस्यता वृद्धि केवल संख्या बढ़ाने का अभियान नहीं,बल्कि सेवा भावना रखने वाले श्रेष्ठ व्यक्तियों को रोटरी परिवार से जोड़ने का सतत प्रयास है।सम्मेलन में सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्लबों को 3 स्टार,5 स्टार,7 स्टार एवं शत-प्रतिशत पंजीकरण श्रेणियों में सम्मानित किया गया। विभिन्न मंडलों ने सदस्यता विस्तार,नए क्लबों की स्थापना,सदस्य संरक्षण और युवा नेतृत्व से जुड़े अपने सफल मॉडल भी साझा किए।समारोह में भारत,नेपाल और नाइजीरिया के राष्ट्रगान प्रस्तुत किए गए। सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस बाबतपुर कैंपस के 30 छात्र-छात्राओं ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। लखनऊ से आए कलाकार तन्मय एवं सहयोगियों की सांस्कृतिक ड्रमर प्रस्तुति ने भी वातावरण में उत्साह भर दिया। पाँच रोटरी मंडलों के मंडलाध्यक्षों रो. पायल गौर,रो. जसबीर सिंह भाटिया,रो. अनु नारंग,रो. आलम सिंह रूपरा एवं रो. पूनम गुलाटी ने अपने-अपने मंडलों की सदस्यता प्रगति,नवाचार,नए क्लबों की स्थापना एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। रोटरी के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं निदेशक रो. मुरूगनंदम ने उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले आर्च क्लम्प सोसाइटी सदस्यों का अभिनंदन करते हुए रोटरी फाउंडेशन और सदस्यता विकास को रोटरी की प्रमुख प्राथमिकताएं बताया। इस अवसर पर जोन-6 के उत्कृष्ट रोटरी एवं रोटरैक्ट क्लबों को सम्मानित किया गया। सदस्यता वृद्धि,नए क्लबों की स्थापना और प्रभावी विस्तार में योगदान देने वाले क्लबों, उप मंडलाध्यक्षों एवं सदस्यता टीम के सदस्यों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।मंडलाध्यक्ष निर्वाचित रो. दिनेश गर्ग ने रोटरी अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष का औपचारिक परिचय कराया। अपने संबोधन में ओलायिंका बाबालोला ने कहा कि मजबूत सदस्यता ही मजबूत रोटरी की आधारशिला है। उन्होंने रोटेरियनों से नए सदस्यों को जोड़ने,उन्हें सक्रिय बनाए रखने तथा सेवा परियोजनाओं के माध्यम से समाज में स्थायी परिवर्तन लाने का आह्वान किया। उन्होंने विविधता,समावेशन,युवा नेतृत्व और गुणवत्तापूर्ण सदस्यता को रोटरी के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी बताया। उन्होंने ‘स्व से ऊपर सेवा’ को सफल एवं सार्थक जीवन का मूल मंत्र बताते हुए रोटरी के वैश्विक सेवा कार्यों,विशेष रूप से पोलियो उन्मूलन अभियान, का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि रोटरी लगभग 200 देशों में लाखों सदस्यों के माध्यम से सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रही है तथा रोटरेक्ट और इंटरैक्ट जैसे युवा मंचों के माध्यम से भी युवा सामाजिक सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।कार्यक्रम के अंत में विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. प्रमोद कुमार एवं मंडल इंटरसिटी चेयरमैन रो. अभिषेक वर्मा ने किया। सामूहिक छायांकन के साथ सम्मेलन का सफल समापन हुआ। सम्मेलन में रोटरी अंतर्राष्ट्रीय निदेशक निर्वाचित रो. बासुदेव गोल्यान,क्षेत्रीय समन्वयक रो. डॉ. प्रमोद कुमार एवं रो. संजय गिरी सहित अनेक पूर्व मंडलाध्यक्ष,पदाधिकारी तथा उत्तर प्रदेश,बिहार,झारखंड,मध्यप्रदेश,ओडिशा और नेपाल के रोटरी सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में संरक्षक रो. दिनेश गर्ग,सलाहकार अनिल के. जाजोदिया,चेयरमैन रो. मनोज जाजोदिया,अध्यक्ष ऋतु गर्ग,आयोजन सचिव अजय गौतम,कोषाध्यक्ष सोमदत्त रघु,क्लब सचिव ललित गुप्ता सहित आयोजन समिति के अनेक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। काशी में आयोजित ‘आधारशिला’ सम्मेलन ने सदस्यता विस्तार,नेतृत्व विकास और विश्व सेवा के क्षेत्र में एकजुटता का सशक्त संदेश दिया। विशाल सहभागिता और प्रभावी प्रस्तुतियों के कारण यह सम्मेलन रोटरी के सदस्यता आंदोलन में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News