UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

शादी की खुशियों में खूनखराबा, युवक को मारी गोली, दूसरे का पैर तोड़ा

Updated on: 03 July, 2026

खानपुर में दिनदहाड़े बदमाशों का तांडव, मामूली विवाद में ताबड़तोड़ हमला

जिला अस्पताल में भर्ती दोनों घायल, सीओ सदर मौके पर, गांव छावनी में तब्दील

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता ज़ायेद शेख 

जौनपुर।सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में वैवाहिक कार्यक्रम की तैयारियों के बीच बदमाशों ने खूनखराबा कर दिया। राजहंस मैरेज हाल के पास दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरे युवक को बेरहमी से पीटकर पैर तोड़ दिया गया।अचानक हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई जानकारी के अनुसार खानपुर गांव निवासी दीपक सोनकर अपने चचेरे भाई पंकज सोनकर के साथ शादी समारोह की तैयारियों के लिए लावा लेने जा रहे थे।आरोप है कि इसी दौरान जगदीशपुर गांव निवासी वीरू विश्वकर्मा, आनंद सिंह और शिवांश सिंह ने पुरानी रंजिश के चलते रास्ते में दोनों को घेर लिया। आरोप है कि पहले जमकर मारपीट की गई, जिसमें पंकज सोनकर का पैर टूट गया। इसके बाद बदमाशों ने दीपक सोनकर पर फायर झोंक दिया, जिससे उसके पैर में गोली लग गई।पीड़ित पक्ष के पिंटू सोनकर ने बताया कि चाचा की बेटी की शादी थी और पूरा परिवार तैयारियों में जुटा था। इसी बीच यह हमला हो गया, जिससे शादी की खुशियों में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। चार राउंड गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर स्वयं मौके पर पहुंचे और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए दबिशें दी जा रही हैं।घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News