UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

*सांसद ने किया रिंग रोड फेज़-3 का निरीक्षण, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

Updated on: 03 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

*वाराणसी  समाजवादी पार्टी के चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने मंगलवार को निर्माणाधीन रिंग रोड फेज़-3 के अंतर्गत गंगा नदी पर बन रहे पुल और मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से बातचीत की और निर्माण कार्य में हो रही देरी पर असंतोष व्यक्त किया। सांसद ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों से कहा कि यदि मई के पहले सप्ताह तक चार पहिया वाहनों के लिए रास्ता नहीं खोला गया तो वह इस स्थान पर धरना देंगे। सांसद ने कहा कि आप लोग बहुत समय ले चुके हैं और लगातार वायदे किए हैं, लेकिन वह सभी विफल साबित हुए हैं। यदि इस बार आपकी जुबान खाली गई तो सारी जवाबदेही आपकी होगी।

 

सांसद वीरेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण कार्य में कोई भी बाधा है, चाहे वह रेलवे संबंधित हो या किसी अन्य कारण से, तो वे सभी मिलकर उस बाधा को दूर करेंगे। लेकिन, काम समय पर पूरा होना चाहिए क्योंकि अब जनता और अधिक इंतजार करने की स्थिति में नहीं है।

निरीक्षण के दौरान, सांसद वीरेंद्र सिंह ने परियोजना निदेशक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) वाराणसी से मुलाकात की और उनसे सड़क निर्माण की गति को तेज करने की मांग की। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि वह 28 अप्रैल को सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलने के लिए समय मांगेंगे और उन्हें क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले में ठेकेदार की लापरवाही को उजागर करने के लिए वह मंत्री से भी शिकायत करेंगे।

 

सांसद ने निरीक्षण के दौरान यह भी कहा कि परियोजना के तहत निर्माणाधीन ब्रिज और अन्य कार्यों में गति लाने की आवश्यकता है। फिलहाल, अधिकारियों ने सांसद को आश्वासन दिया कि अब ज्यादा काम बाकी नहीं है और मई माह के पहले सप्ताह तक गंगा नदी पर बन रहा पुल और मार्ग चार पहिया वाहनों के लिए खोला जाएगा।

 

इसके बाद, सांसद ने भारत माला परियोजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया, जो जीरो पॉइंट से शुरू हो रहा है। इस कार्य की प्रगति को लेकर सांसद ने संतोष व्यक्त किया और इसे और अधिक गति देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सांसद के साथ समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, मीडिया प्रभारी संतोष यादव, पूर्व चेयरमैन मुसाफिर सिंह चौहान, सुदामा यादव, नफीस अहमद, वीरेन्द्र यादव, अशफाक अहमद गुड्डू, राहुल सिंह, धीरज पटेल समेत कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News