UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

मछलीशहर में चेयरमैन के खिलाफ फूटा व्यापारियों का गुस्सा: तानाशाही कार्यशैली से नाराज़ सब्जी मंडी ने सौंपा ज्ञापन

Updated on: 04 July, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी 

जौनपुर मछलीशहर नगर पंचायत में चेयरमैन संजय जायसवाल की कार्यशैली को लेकर अब खुला विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को सब्जी मंडी के व्यापारियों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब नगर पंचायत अध्यक्ष पर तानाशाही रवैये, व्यापारियों की अनदेखी और मनमाने निर्णय लेने का आरोप लगाते हुए भारी संख्या में व्यापारियों व सभासदों ने ईओ नगर पंचायत को सामूहिक ज्ञापन सौंप दिया।व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत द्वारा सब्जी मंडी की मूलभूत सुविधाओं सफाई, जलनिकासी, बैठने की समुचित व्यवस्था, आवागमन और सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे रोजाना व्यापार करना मुश्किल होता जा रहा है। उनका कहना है कि समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं लेकिन चेयरमैन की ओर से समाधान के बजाय उपेक्षात्मक रवैया अपनाया जा रहा है ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि नगर विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में स्थानीय सभासदों के सुझावों को पूरी तरह दरकिनार कर चेयरमैन संजय जायसवाल मनमाने तरीके से निर्णय ले रहे हैं, जिससे जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों दोनों में असंतोष गहराता जा रहा है सब्जी मंडी के व्यापारियों ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली के चलते उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और इसका सीधा असर उनकी रोजी-रोटी पर पड़ रहा है। यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापारी बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।ईओ नगर पंचायत को दिए गए इस ज्ञापन में कोतवाली वार्ड के सभासद फराज सिद्दीकी, डॉ. हस्सान, राजकुमार पटवा उर्फ गोली, जुबैर अहमद, शेरू सभासद, पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी बबलू राईन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। ज्ञापन के बाद मछलीशहर की सियासत में हलचल तेज हो गई है

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News