UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

 मुसहर परिवारों को स्थायी आजीविका से जोड़ने हेतु नार्दन कोलफील्ड और एमओयू के मध्य हुआ एकरार

Updated on: 04 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी -- जनपद वाराणसी के 302 मुसहर परिवारों को स्थाई आजीविका से जोड़ने की बड़ी पहल करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की उपस्थिति में जिला राइफल क्लब वाराणसी में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन वाराणसी तथा नार्दन कोलफील्ड लिमिटेड सिंगरौली के मध्य एमओयू हस्ताक्षरित हुआ। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन वाराणसी की तरफ से पवन कुमार सिंह उपायुक्त (स्वत: रोजगार) एवं नॉर्दर्न कोलफील्ड लिमिटेड सिंगरौली तरफ से महाप्रबंधक राजीव रंजन ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। उक्त एमओयू के अंतर्गत कोलफील्ड लिमिटेड सिंगरौली द्वारा मुसहर परिवारों को रोजगार से जोड़ने एवं उनकी आय बढ़ाने हेतु कुल 3.91 करोड रुपए सीएसआर फंड के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। इससे मुसहर परिवारों को अगरबत्ती निर्माण, दोना पत्तल बनाने, तेल घानी, चप्पल बनाने, बकरी पालन आदि उद्यम से जोड़ा जाना है। जिसमें अगरबत्ती को दो यूनिट, तेल घानी की एक यूनिट, चप्पल बनाने की 08 यूनिट, दोना पत्तल की 25 यूनिट एवं बकरी पालन की 135 यूनिट होगी। इस प्रोजेक्ट के क्षेत्र में हैंड होल्डिंग सपोर्ट, बाजार एवं व्यवहार परिवर्तन हेतु होप वेलफेयर ट्रस्ट को नामित किया गया है। जो एक वर्ष तक इन मुसहर परिवारों को सपोर्ट करेंगे एवं इन्हें प्रोजेक्ट से तीन स्टाफ का मानदेय दिया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि यह गरीब पिछड़े मुसहर भाई बहनो को आगे बढ़ने का अच्छा अवसर है। जिससे अपने जीवन स्तर को सुधार सकेंगे। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि इन परिवारों को समाज की मुख्य धारा में शामिल होने, परिवार को स्थाई आजीविका मिलना, एक बड़ा सराहनीय कदम है। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने नार्दर्न कोलफील्ड सिंगरौली के द्वारा चलाये जा रहे अन्य प्रोजेक्टों के बारे में एवं इस प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि ये सभी परिवार समूह से जुड़े हैं एवं इन्हें आवास शौचालय से जोड़ा गया है। जो यूनिट लगायी जानी है,सभी सोलराइज्ड होंगी। जनपद में लगभग 3.5 हजार परिवार हैं,जिनमें से इन परिवारों को स्थाई रोजगार मिलने से एक बड़ा परिवर्तन होगा। इस अवसर पर आरसेटी डायरेक्टर अंबरीश, नॉर्दर्न कोलफील्ड लिमिटेड सिंगरौली के उप प्रबंधक राजाराम, जिला मिशन प्रबंधक श्रवण कुमार सिंह, विक्रम सिंह, प्रदीप केसरवानी, समूह से जुड़ी मुसहर परिवार की महिलाएं एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News