UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों के लिए एचआईवी संवेदीकरण कार्यशाला का हुआ आयोजन 

Updated on: 04 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी -- जिला एड्स नियंत्रण सोसाइटी के तत्वाधान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी डॉक्टर राजेश प्रसाद के दिशा निर्देशन में शनिवार को पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों हेतु एचआईवी/ एड्स पर संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वाराणसी कमिश्नरेट की अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध‌ नम्रिता श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्षय रोग अधिकारी एवं प्रभारी दिशा वाराणसी मण्डल डा.पियूष राय ने किया। इस मौके पर अध्यक्षता कर रहे डॉक्टर पीयूष राय ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं से प्राप्त जानकारी का उपयोग समाज में एचआईवी के प्रसार को रोकने के लिए किया जाना चाहिए तथा एचआईवी के साथ जी रहे लोगों के प्रति सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।इस मौके पर मुख्य अतिथि अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव ने एचआईवी प्रीवेंशन एवं कंट्रोल एक्ट 2017 की जानकारी को पुलिस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों के साथ संवेदनशील व्यवहार एवं उनकी गोपनीयता का संरक्षण सूनिश्चित करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर प्रीति अग्रवाल ने पीपीटी के माध्यम से एचआईवी के संक्रमण के कारण, बचाव एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं डॉक्टर मनोज कुमार तिवारी वरिष्ठ परामर्शदाता बीएचयू ने कहा कि जागरूकता ही एचआईवी के बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है, तथा सभी को अपना एचआईवी परीक्षण अवश्य कराना चाहिए जो सरकार द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध है। दिशा वाराणसी मंडल मनीष कुमार सिंह ने जनपद में उपलब्ध एचआईवी जांच एवं उपचार सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।इस कार्यक्रम का संचालन डीएमडीओ चेतन श्रीवास्तव द्वारा तथा स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित क्लीनिकल सर्विस ऑफिसर पूनम गुप्ता ने किया। इस कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देवेंद्र कुमार गुप्ता को डॉक्टर पीयूष राय द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदीप कुमार मौर्य, प्रांजल कुमार सिंह, सुमन कुमार, रिशु सरोज, गायत्री गुप्ता एवं मोहसिन ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News