संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश में एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे,वाराणसी मंडल की रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, मानव तस्करी रोकथाम और जरूरतमंद यात्रियों की सहायता के लिए निरंतर सक्रिय है। इसी क्रम में आज 07 अगस्त 2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बनारस पर प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश कुमार की उपस्थिति में लगभग 16:10 बजे फ्रांस के पेरिस (14वें एरोंडिस्मेंट) निवासी विदेशी यात्री AMBACH ALBERTINI पोस्ट पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आगरा से बनारस की यात्रा के दौरान गाड़ी संख्या 20178 के कोच C-4, सीट संख्या 8 पर उनका टैबलेट (ई-बुक रीडर) छूट गया था। इस संबंध में उन्होंने रेल मदद (139) पर शिकायत दर्ज कराई थी। यात्री का पीएनआर संख्या 6833398097 था। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर सुरक्षित रखे गए टैबलेट की पहचान कराने पर यात्री ने उसे अपना बताया। 139 से प्राप्त सूचना एवं पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि उक्त टैबलेट OBHS सफाई कर्मचारी आकाश कुमार एवं हेड कांस्टेबल रामजीत को संबंधित सीट पर मिला था, जिसे हेड कांस्टेबल रामजीत यादव द्वारा ईमानदारी का परिचय देते हुए रेलवे सुरक्षा पोस्ट पोस्ट पर सुरक्षित जमा कराया गया। यात्री के पासपोर्ट से पहचान का सत्यापन करने के उपरांत आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए सुपुर्दगीनामा के आधार पर लगभग 17:00 बजे टैबलेट सही-सलामत विदेशी यात्री को सौंप दिया गया। यात्री के अनुसार टैबलेट की अनुमानित कीमत ₹10,000/- है। अपना खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस पाकर विदेशी यात्री अत्यंत भावुक एवं प्रसन्न हुआ। उसने रेलवे सुरक्षा बल की ईमानदारी, तत्परता एवं सेवा भावना की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए भारत की सकारात्मक छवि एवं भारतीय रेल की उत्कृष्ट यात्री सेवा की सराहना की। यह घटना एक बार फिर सिद्ध करती है कि रेलवे सुरक्षा बल केवल सुरक्षा का पर्याय ही नहीं,बल्कि विश्वास,संवेदनशीलता और मानवीय सेवा का भी प्रतीक है।