UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री सामाजिक उत्थान एवं रोजगार आधारित जनकल्याण "पीएम सूरज" पोर्टल लांच किया

Updated on: 03 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

विनोद नाथ यति 

 

वाराणसी। वंचित वर्गों के लिए आउटरीच कार्यक्रम के अंर्तगत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल रूप से प्रधानमंत्री सामाजिक उत्थान एवं रोजगार आधारित जनकल्याण (पीएम सूरज) पोर्टल शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को आयुक्त सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया।इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम पूरी तरह गरीबों एवं वंचितों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि गरीब अपने जीविकोपार्जन के लिए प्रतिदिन कठिन परिश्रम करता है। उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने,सकारात्मक बदलाव लाने,उनको सहूलियत देने के लिए केंद्र एवं प्रदेश की सरकारें अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है।उन्होंने कहा कि गरीबों को चिकित्सा सुविधा के लिए आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ मिल रहा है।सरकार द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने में सहूलियतें दी जा रही हैं,जिससे उनका हेल्थ कार्ड आसानी से बन रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ बीमारियों के इलाज के लिए आयुष्मान योजना का लाभ दे रही है,वही प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के वातावरण को स्वच्छ तथा साफ सुथरा किया गया है,जिससे अनेक प्रकार की बीमारियों से रोकथाम हुई है।उन्होंने कहा कि आज गरीब वंचित वर्गों के कल्याण के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम सूरज पोर्टल का शुभारंभ किया जा रहा है।राज्यपाल ने कहा कि अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति,पिछड़े वर्ग अपने अंदर से सभी प्रकार की हीन भावना को त्यागें और आगे बढ़ें।अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें। उन्होंने कहा कि अब हमारी महिलाएं भी अपने परिश्रम के बल पर आज लखपति बन रही हैं।समूह की महिलाएं सामूहिक प्रयास से आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो रही है।महिलाओं,गरीबों को आगे बढ़ने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार अनेकों योजनाएं चला रही है,जिनकी जानकारी रखकर अधिक से अधिक महिलाएं व गरीब योजनाओं का लाभ उठाएं।उन्होंने कहा कि आप सभी अपने बच्चों को परंपरागत शिक्षा के साथ ही अतिरिक्त समय में उनको रोजगारपरक कार्यक्रमों का प्रशिक्षण भी दिलवाएं,जिससे उनको अच्छा रोजगार मिलने में आसानी होगी। राज्यपाल ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं व बच्चियों को लेकर जन्म से लेकर उनके बड़े होने तक अनेक योजनाएं चला रही हैं।महिलाओं में होने वाले सरवाइकल कैंसर की संभावनाओं को खत्म करने के लिए 9 से 15 साल की लड़कियों को वैक्सीन दिया जा रहा हैं।उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ आसानी से मिल सके,इसके लिए प्रमुख एवं सार्वजनिक स्थानों पंजीकृत अस्पतालों की सूची लगाएं तथा व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं।कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री आयुष,उ0प्र0 डॉ दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार के प्रयास से 25 करोड़ लोगों का जीवन स्तर गरीबी से ऊपर उठा है। सरकार द्वारा अधिकतर योजनाएं किसानों एवं गरीबों के कल्याण के लिए बनाई गई है।उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मिल रहा है।आयुष्मान कार्ड योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हुई है,इस प्रकार करोड़ों गरीबों और वंचितों को पीएम आवास योजना,निशुल्क राशन आदि योजनाओं से लाभान्वित कराया जा रहा हैं।इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या,विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा,विधायक टी राम,विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण प्राप्त करने वाले चिन्हित लाभार्थियो को चेक का वितरण,पीएम दक्ष योजना के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र,आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान हेल्थ कार्ड व सफाई कर्मचारियों को पीपीई किट का वितरण किया।मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने राज्यपाल एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम के विषय में बताया। अंत में जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि राज्यपाल द्वारा जो निर्देश तथा सुझाव दिए गए हैं,उनका अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा।इस अवसर पर महापौर अशोक तिवारी,विधायक रोहनिया सुनील पटेल,आयुष मंत्री के पीआरओ गौरव राठी,संबंधित विभागों के अधिकारी,विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News