संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
*हरहुआ*। काशी कृषक इंटर कॉलेज के मैदान पर शुक्रवार को 'वाजिदपुर प्रीमियर लीग' (सीजन-2) का भव्य समापन हुआ। स्वर्गीय रामचंद्र उर्फ जोगेंद्र यादव की स्मृति में आयोजित इस रोमांचक टूर्नामेंट के फाइनल में आशापुर की टीम ने रोहनिया को हराकर खिताबी ट्राफी अपने नाम की। इस प्रतियोगिता में कुल 100 टीमों ने भाग लिया था।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहनिया की टीम निर्धारित 8 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 108 रनों का स्कोर ही खड़ा कर सकी। रोहनिया के प्रमुख खिलाड़ी हुसैन और गुलाम बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, जिससे टीम के प्रशंसकों में मायूसी दिखी। 109 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आशापुर की टीम ने संयम और सधे हुए खेल का प्रदर्शन करते हुए अंतिम ओवर में जीत दर्ज की।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रतिभावान खिलाड़ी को संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। विशिष्ट अतिथि पूर्व चेयरमैन छात्रबली सिंह ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति ने विजेता टीम आशापुर को एक लाख रुपये और उपविजेता रोहनिया को 50 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की। सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए अकथा टीम के विकास यादव को 'मैन ऑफ द सीरीज' चुना गया, जिन्हें पुरस्कार स्वरूप मोटरसाइकिल दी गई।
लीग के अध्यक्ष मूलचंद यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह आयोजन स्वर्गीय जोगेंद्र यादव के खेल को बढ़ावा देने के सपने को साकार कर रहा है। इस मौके पर आईपीएल के खिलाड़ी अमन बनारसी सहित अन्य नैना यादव‚ कोमल राजभर, सुमन यादव सहित अन्य खेलों के खिलाडि़यों का भी सम्मान किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान अनवर उर्फ अन्नू, लालमन यादव, अवधेश यादव, रामनारायन यादव, कमलेश यादव, अनिल यादव सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।