UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

स्वर्ण पदक जीतकर लौटे साजन पाल पहलवान का कोइराजपुर में हुआ सम्मान*

Updated on: 04 July, 2026

 

सम्वददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज 

 *हरहुआ*। स्थानीय विकासखंड के कोईराजपुर गांव की साधारण व्यायामशाला से निकलकर पहलवान साजन पाल ने राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। मुरादाबाद में आयोजित सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में साजन पाल ने स्वर्ण पदक जीतकर वाराणसी मंडल की ओवरऑल चैंपियनशिप जीत में अहम भूमिका निभाई।

 

प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल ने कुल 6 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक जीतते हुए 265 अंक अर्जित किए और मेरठ को मात्र 5 अंकों से पीछे छोड़कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत में साजन पाल का स्वर्ण पदक निर्णायक साबित हुआ।

 

साजन पाल के पिता दिनेश पाल दूध बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद साजन ने बचपन से ही कुश्ती को अपना लक्ष्य बनाया। पिता की कुश्ती के प्रति रुचि और उनके प्रोत्साहन ने साजन को अखाड़े तक पहुंचाया। दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे साजन ने कभी आर्थिक अभावों को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया।

कोईराजपुर गांव की व्यायामशाला में आधुनिक सुविधाओं का अभाव है, लेकिन यहां का प्रशिक्षण जज्बे और अनुशासन पर आधारित है। कोच लक्ष्मी नारायण पहलवान ने अपने घर में ही मैट बिछाकर अखाड़ा तैयार किया है। एनआईएस कोच राजेश यादव का कहना है कि यदि सरकार सहयोग कर एक बेहतर प्रशिक्षण केंद्र उपलब्ध करा दे, तो यहां के पहलवान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने में सक्षम हैं।

 

स्वर्ण पदक जीतकर शनिवार को गांव लौटे साजन पाल का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। उन्हें कंधों पर उठाकर सम्मानित किया गया और मिठाइयां बांटी गईं। इस अवसर पर राकेश शर्मा, मनीष राय, सुरेंद्र यादव, गोपाल विश्वकर्मा, दीना शंकर पाल, दिलीप यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News