संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह के नेतृत्व में 31 मार्च,2026 को सेवानिवृत्त होने वाले 13 कर्मचारियों को उनके समापक धनराशि का भुगतान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रेमचंद सभागार में सम्मानपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार,सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी राम सिंह सहित लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबी एवं उत्कृष्ट सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे परिवार उनके साथ सदैव खड़ा रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी किसी प्रकार की समस्या होने पर मंडल कार्यालय सहायता के लिए हमेशा उपलब्ध रहेगा। उन्होंने सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए परिवार एवं समाज को समय देने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह रही कि सेवानिवृत्ति के साथ ही रिक्त हुए 8 पदों पर वरिष्ठता क्रम के अनुसार पात्र कर्मचारियों को तुरंत पदोन्नति प्रदान की गई। प्रमुख पदोन्नतियों में रामनाथ गोंड के स्थान पर राकेश भाटिया,घनश्याम के स्थान पर बाजीलाल, इम्तियाज अहमद के स्थान पर निक्कु कुमार पाण्डेय,अनिल कुमार सिंह के स्थान पर ए.के. श्रीवास्तव,महेश दत्त त्रिपाठी के स्थान पर मो. शेख असगर,अनिल कुमार श्रीवास्तव के स्थान पर रामध्यान यादव,विक्रम सिंह यादव के स्थान पर शम्भू कुमार तथा अमरनाथ पासवान के स्थान पर सूरज कुमार मांझी को पदोन्नति दी गई। मंडल रेल प्रबंधक ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवा मेडल,पीपीओ,मेडिकल कार्ड प्रदान कर माला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने भी सभी कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उन्हें सेवा प्रमाण पत्र,डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र,आईडी कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सलाह दी कि सेवानिवृत्ति लाभों का उपयोग सोच-समझकर करें और किसी भी समस्या के समाधान के लिए विभाग से संपर्क बनाए रखें,31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में अनिल कुमार श्रीवास्तव,महेश दत्त त्रिपाठी,कैलाश यादव,उपेन्द्र कुमार,अशोक कुमार श्रीवास्तव,विक्रम सिंह यादव,अमरनाथ पासवान,रामनाथ गोंड, अभिमन्यु यादव,अनिल कुमार सिंह,ओम प्रकाश,इम्तियाज अहमद एवं घनश्याम शामिल रहे। यह आयोजन न केवल सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान का प्रतीक रहा,बल्कि विभागीय कार्यकुशलता एवं पारदर्शिता का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।