UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

विवाहिता की फांसी से लटककर संदिग्ध मौत, पिता ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप

Updated on: 31 August, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता ज़ायेद शेख 

जौनपुर जलालपुर क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी 32 वर्षीय विवाहिता मधु यादव की शनिवार की भोर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मौके पर पहुंचे मृतका के पिता रामपति यादव ने ससुराल पक्ष पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।जानकारी के अनुसार बहादुरपुर गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप यादव की शादी जलालपुर क्षेत्र के मेहरी गांव निवासी रामपति यादव की पुत्री मधु यादव से हुई थी। दंपती के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। सुरेंद्र यादव रोडवेज में संविदा पर परिचालक के पद पर कार्यरत हैं।
बताया जाता है कि शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद मधु अपने कमरे में चली गई। शनिवार की भोर में परिवार के किसी सदस्य की नजर कमरे की खिड़की की ओर पड़ी तो मधु पंखे के सहारे दुपट्टे से लटकी दिखाई दी। परिजनों ने दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस के साथ मृतका के मायके वालों को भी सूचना दी गई। थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News