UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

मनीष कुमार हत्याकांड पर सियासत तेज पत्नी को सरकारी नौकरी और अपराधियों के एनकाउंटर की मांग

Updated on: 05 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

 

वाराणसी। जनपद के ग्राम घमहापुर में मनीष कुमार हत्याकांड को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। उनके साथ सहयोगी दल नेशनल इक्वल पार्टी के संयोजक शशिप्रताप सिंह और अन्य कई नेता भी मौजूद रहे। सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि मुख्य आरोपी जल्द सरेंडर करते हैं,तो इसे प्रशासन की मिलीभगत माना जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के दो कैबिनेट मंत्रियों का संरक्षण अपराधियों को प्राप्त है,जिसके कारण घटना के आठ दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल कड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों के एनकाउंटर की मांग की। वहीं,नेशनल इक्वल पार्टी के संयोजक शशिप्रताप सिंह ने भी सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस जानबूझकर मुख्य आरोपियों को पकड़ने में हीलाहवाली कर रही है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए और दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। नेताओं ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए यह भी मांग की कि मृतक मनीष कुमार की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए,ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़,पूजा यादव,लालाबाबू सोनकर,पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य,आकाश मौर्य,बाबूलाल यादव,पूर्व प्रमुख रामबालक पटेल,दयाशंकर सिंह,सोनू लाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News