विवेक राय की खास रिपोर्ट
वाराणसी।बुधवार को कोहरे के दस्तक ने वाहनों की रफ्तार रोक दी वहीं सुबह के समय रामेश्वर वाया जंसा -हरहुआ,हथिवार समेत अन्य मार्गों पर वाहनों की लाइट जलाकर रेंगते हुए गाड़ियां चल रही थी।करीब 10 बजे के बाद ही कुछ राहत मिली। इसके बाद निकली धूप भी बेअसर रही। बीते दो दिन से कुहरे व सर्दी का असर बढ़ा हुआ है। मंगलवार की सुबह हल्का कोहरा रहने के बाद दिन में आसमान साफ था,लेकिन रात के नौ बजते ही देहात क्षेत्र में कोहरा छाने लगा था। रात 12 बजे तक अनेक क्षेत्रों में कोहरा और घना हो गया। बुधवार की सुबह कोहरे ने ग्रामीण क्षेत्र को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया। इसके चलते वाहनों की रफ्तार कम हो गई तो दृश्यता इतनी कम थी कि लाइट जलानी पड़ी। वहीं कामकाज को जाने वाले लोगों के साथ स्कूल जाने वाले बच्चे,छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान हवा चलने से ठंड कंपकंपा देने वाली थी और इससे बचाव के लिए ग्रामीणों ने तरह-तरह के उपाय किए। 11 बजे तक कुहरा छट गया,इसके बाद धूप निकली लेकिन बेअसर साबित रही।पूरे दिन गलन से बचने के लिए ग्रामीण धूप का सहारा लेते दिखे।