विवेक राय की खास रिपोर्ट
चोलापुर- चोलापुर थानान्तर्गत पंडित दीनदयाल मांगलिक भवन, धरसौना में लोक समिति द्वारा “डॉ. अम्बेडकर एवं संवैधानिक समाज निर्माण” विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया l विषय प्रवेश करते हुए श्री सुजीत ने कहा बाबा साहब एक ऐसे समाज की स्थापना करने के लिए आजीवन प्रयत्नशील रहे जो समता, समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित हो, संविधान की प्रस्तावना में इसी संकल्प की अभिव्यक्ति हैl
भारत सेवक समाज इंटर कॉलेज के श्री अशोक कुमार राव ने कहा ‘अम्बेडकर जी का जीवन आदर्श समाज के दलित और वंचित वर्ग को आगे बढ़ने को प्रेरित करता है।समाज सेवी मनीष शर्मा ने लोगों का आह्वान किया समाज से गैर बराबरी समाप्त किये बिना समता मूलक समाज की स्थापना नहीं हो सकती। उन्होंने अम्बेडकर जी के अमूल्य योगदान को याद करते हुये कहा बाबा साहब आज भी प्रासंगिक हैं।दलित अधिकारों के लिए संघर्षशील डॉ. अनूप श्रमिक ने आज के माहौल में संविधान आधारित समाज और वास्तविकता पर चिता व्यक्त करते हुए कहा हताशा और निराशा की स्थिति में बाबा साहब प्रकाश स्तम्भ की तरह हैं।मुख्य वक्ता के रूप में अपनी बात रखते हुए श्रीमती जागृति राही ने कहा बाबा साहब किसी एक वर्ग के नहीं बल्कि पुरे समाज के लिए आदर्श हैं।बाल्यावस्था से ही उनका विजन बहुत स्पष्ट था, विपरीत परिस्थियों में भी अपने सिद्धांतो के प्रति अडिग रहे। आज जब समाज में आदर्शों का अकाल है बाबा साहब एक रोल मॉडल के रूप हैं हमें अपने बच्चों को बताना चाहिए।लोक समिति के ब्लाक अध्यक्ष श्री पंकज कुमार ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा – बाबा साहब जैसा व्यक्तित्व हमारे देश में अवतरित हुआ हमें गर्व है l दुर्भाग्य से दलित वर्ग प्रलोभनों में फंस कर वास्तविक विकास के रास्ते से भटक गया है l हर घर से अम्बेडकर जैसा व्यक्तित्व निकले ऐसा संकल्प लेना होगा।
संगोष्ठी में धरसौना, टिसौरा, ताड़ी, महदा, कटारी, चौबेपुर खुर्द, हथियरकला, रसड़ा, सुल्तानीपुर से सभी जाति वर्ग के विचारशील लोगों ने भाग लिया।आगंतुक प्रतिभागियों का स्वागत वंदना ने किया।रुखशाना, फ़ातिमा, वंदना यादव, रणजीत ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।