विनोद यती खास रिपोर्ट
चौबेपुर-चौबेपुर क्षेत्र के कैथी स्थित गंगा तट व गंगा गोमती संगम पर मकर संक्रांति के पावन पर्व पर रविवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं व आस्थावानों ने आस्था की डुबकी लगायी साथ ही मार्कंडेय महादेव धाम में जलाभिषेक भी किया। रविवार की भोर से ही स्नान के साथ ही दान का सिलसिला प्रारंभ हुआ जो देर शाम तक चलता रहा।श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर स्नान कर मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद गरीबों को अन्न,वस्त्र,द्रव्य का दान किया।मारकंडेय महादेव व कैथी संगम घाट पर आस्थावान रविवार की भोर से ही पहुचने लगे थे। स्नार्थियों की सुरक्षा को लेकर घाट पर पुलिस फोर्स तैनात रही। उल्लेखनीय है कि मकर सक्रांति का पावन पर्व प्रत्येक वर्ष 14 जनवरी को ही मनाया जाता था लेकिन विगत तीन वर्षों से तिथियों के हेर फेर में लोग दो दिन मकर सक्रांति का पर्व मना रहे है। पुरोहितों व पंचांगों की मानें तो अबकी बार सूर्य धनु राशि से मकर राशि में 14 जनवरी की रात 8:21 मिनट पर प्रवेश किया। इस परंपरा को निभाते हुए रविवार को भी कैथी स्थित गंगा गोमती संगम पर क्षेत्रीय व दूर दराज से श्रद्धालु गंगा नदी तट पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगायी। हालांकि काफी संख्या में लोगों ने बीते शनिवार को भी स्नान दान किया था। क्षेत्र के गौरी शंकर महादेव घाट ,गौरा उपरवार, परनापुर,शिवदशां ,बलुआघाट गंगा तट पर आस्थावानों ने आस्था की डुबकी लगायी। भीड़ को देखते हुए चौबेपुर थाना प्रभारी राजीव सिंह मय फोर्स, गोताखोरों को साथ लेकर घाट पर सुरक्षा ब्यवस्था में तैनात रहे। वहीं चौबेपुर क्षेत्र के डुबकियां धौरहरा,कैथी सोनबरसा, चंद्रावती आदि बाजारों व चट्टी चौराहों पर तिलकुट, लाई, चूड़ा, गुड़, मटर आदि की खरीदारी के लिए भी भारी भीड़ उमड़ी रही।