संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर का योगी कैबिनेट में मंत्री बनना तय हो गया है। बुधवार को दिल्ली पहुंचे सीएम योगी ने गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा के साथ बैठक की। बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार को हरी झंडी दे दी गई है। कहा जा रहा है कि दिवाली से पहले ही कैबिनेट का विस्तार होगा और ओपी राजभर के अलावा दो तीन अन्य लोगों को भी मंत्री बनाया जाएगा। हालांकि दारा सिंह चौहान पर कोई फैसला नहीं हो सका है। सूत्रों का कहना है कि जिन लोगों को मंत्री बनाया जाना है उस में दारा सिंह चौहान का नाम नहीं है। दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय विस्तार कार्यालय में सीएम योगी की गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ करीब आधे घंटे तक बैठक हुई। बैठक में योगी मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। यूपी में प्रभारी को लेकर भी बात हुई। कहा जा रहा है कि नवंबर के लास्ट तक यूपी में प्रभारी की नियुक्ति हो जाएगी। इसके साथ ही चार या पांच सह प्रभारी भी बनाए जाएंगे।