पंजीकृतUDYAM-UP-75-0003230 | वाराणसी
Purvanchal Express News
संपर्क करें:
purvanchalexpressn@gmail.com
UDYAM-UP-75-0003230

जिलाधिकारी तथा अपर पुलिस आयुक्त ने मोडेला तिराहा और मोहनसराय तक के कावड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण

04 July, 2026  |  01:26 AM
जिलाधिकारी तथा अपर पुलिस आयुक्त ने मोडेला तिराहा और मोहनसराय तक के कावड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी। श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं / कावड़ियों को काशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम दर्शन, जलाभिषेक और सुचारू आवागमन को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने मोडेला तिराहा व मोहनसराय तक के कावड़ यात्रा के मार्ग का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। 

जिलाधिकारी ने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों से कावड़ यात्रा मार्ग के बारे में विस्तृत जानकारी लेते हुये कहा कि जो भी कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं उसे ससमय अवश्य पूर्ण कराया जाये। भास्कर पोखरे के निरीक्षण के दौरान मंदिर के महंत ने बताया कि अस्सी प्रतिशत से ज्यादा कांवड़िये यहीं रुककर पोखरे में स्नान करते हैं और खाना खाते हैं। ज्यादा भीड़ श्रावण मास के पहले सोमवार और नागपंचमी के एक दिन पहले होता है जिसपर जिलाधिकारी ने वहाँ की व्यवस्थाओं को परखा और पोखरे की खराब लाईटों को दुरुस्त कराने, परिसर की साफ़ सफाई और पोखरे की बैरीकेडिंग कराने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने पार्किंग-व्यवस्था के लिए भास्कर पोखरे से सटे मातादीन सुकुल इंटर कॉलेज परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था के लिए जगतपुर इंटर कॉलेज पर सहमति बनी। उन्होंने मोडेला तिराहा से मोहनसराय तक के रोड का निरीक्षण किया और कहा कि श्रद्धालुओं / कावड़ियों के लिए मोहनसराय से मोडेला तिराहा तक की बायीं लेन और सर्विस लेन आरक्षित रहेगी। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को मोडेला तिराहा और मोहनसराय सहित अन्य जरूरी स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिये। 

इस दौरान एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, डीसीपी काशी प्रमोद कुमार, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के के सिंह सहित अन्य अधिकारी व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

© 2026 Purvanchal Express News. All Rights Reserved. (UDYAM-UP-75-0003230)